तालाब में जाल डालने पर मछली की जगह निकली बोरी, खोलते ही उड़े होश; मिले 26 पासपोर्ट, जांच में जुटी पुलिस
अख्तर हाशमी | मिर्जापुर: मिर्जापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र के तुलापुर गांव में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तालाब में मछली पकड़ने गए मछुआरों के जाल में मछलियों की जगह एक भारी बोरी फंस गई। जब बोरी को बाहर निकालकर खोला गया, तो उसमें से 26 भारतीय पासपोर्ट बरामद हुए। इस अप्रत्याशित घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय मछुआरे रोज की तरह तालाब में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान जाल में कोई भारी वस्तु फंस गई। काफी मशक्कत के बाद जब उसे बाहर निकाला गया, तो वह एक बोरी निकली। बोरी खोलने पर उसमें गिट्टी (पत्थर के छोटे टुकड़े) भरी मिली, ताकि वह पानी में डूबी रहे। गिट्टी के बीच सावधानी से 26 पासपोर्ट छिपाकर रखे गए थे।
सूचना मिलते ही कछवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पासपोर्ट अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद पासपोर्ट केवल मिर्जापुर के ही नहीं, बल्कि वाराणसी, भदोही और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों के लोगों के हैं।
इस घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर इतने सारे पासपोर्ट तालाब में क्यों फेंके गए? क्या इसके पीछे विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला कोई गिरोह सक्रिय है, या फिर मामला किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से जुड़ा है? इन सभी संभावित पहलुओं की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। फिलहाल किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्राधिकारी (CO) सदानंद सिंह ने बताया कि तालाब से 26 पासपोर्ट बरामद होने के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस संबंधित पासपोर्ट धारकों की पहचान, दस्तावेजों की स्थिति तथा उनके तालाब तक पहुंचने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।