Website Media & News Channel

फरार आरोपी शैलेन्द्र द्विवेदी पुणे से गिरफ्तार, कई मामलों में था वांटेड

0

बिल्डर फर्म के नाम पर कम कीमत में कमरे दिलाने का दिया था झांसा, खुफिया निगरानी के आधार पर होटल से दबोचा गया आरोपी, महाराष्ट्र के कई पुलिस थानों में दर्ज हैं मामले

परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई: नवी मुंबई पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी शैलेन्द्र देवभाकर द्विवेदी को गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उलवे पुलिस स्टेशन में दर्ज करीब 19 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को पुणे जिले के एक होटल से गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार आरोपी की तलाश में की गई महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। बिल्डर फर्म के माध्यम से दिया गया था सस्ते कमरे दिलाने का प्रलोभन परिमंडल -2, बेलापुर द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार आरोपी शैलेन्द्र देवभाकर द्विवेदी अपनी फर्म ‘श्री गुरु बिल्डर्स एंड डेवलपर्स’ के माध्यम से उलवे के सेक्टर – 24 स्थित प्लॉट नंबर 453 पर भवन निर्माण कराकर कम कीमत में कमरे उपलब्ध कराने का आश्वासन दे रहा था। इसी भरोसे में शिकायतकर्ता एवं अन्य लोगों को लेकर कथित रूप से आर्थिक लेन-देन किया गया। आरोप है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता और अन्य गवाहों को विश्वास में लेकर कुल 19 लाख रुपये प्राप्त किए, लेकिन बाद में उनके साथ धोखाधड़ी की गई। इस संबंध में शिकायतकर्ता विजय शंभूनाथ झा (42 वर्ष), निवासी कलवा, ठाणे ने उलवे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 316(2) एवं 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया। पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था आरोपी– पुलिस प्रेस नोट में बताया गया है कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों पर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी विश्लेषण एवं पुलिस टीम की सतत निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन पुणे जिले में एक होटल में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 12 नवंबर 2026 को रात करीब 12:08 बजे आरोपी को होटल से गिरफ्तार कर लिया। महाराष्ट्र के कई पुलिस थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले – पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी का नाम केवल उलवे के धोखाधड़ी मामले तक सीमित नहीं है। उसके विरुद्ध नेरुल, एनआरआई सागरी, खारघर एमआईडीसी तथा कलवा पुलिस थानों में भी विभिन्न अपराध दर्ज होने की जानकारी दिया गया है। इसके अलावा नेरुल, भिवंडी तालुका, गणेशपुरी एपीएमसी, खानदेश्वर, वाशी और एनआरआई सागरी पुलिस थानों में दर्ज पुराने मामलों का भी जिक्र किया गया है। इनमें धोखाधड़ी, धमकी, मारपीट, हथियार रखने और अन्य विभिन्न आरोपों से संबंधित धाराओं का जानकारी दिया गया है। सोशल मीडिया पर पुलिस विभाग के खिलाफ भ्रामक पोस्ट करने का भी आरोप – पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ट्विटर एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के संबंध में भ्रामक पोस्ट प्रसारित कर पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा था। आरोपी द्वारा इस तरह की गतिविधियों के जरिए पुलिस की बदनामी लगातार किया जा रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी हुई कार्रवाई- इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे, पुलिस सह आयुक्त दीपक साकोरे, अपर पुलिस आयुक्त प्रमोद शेवाले, पुलिस उपायुक्त अमित काले (परिमंडल-2, बेलापुर) तथा सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी (पोर्ट विभाग) के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। उलवे पुलिस स्टेशन की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, निगरानी और समन्वित पुलिस कार्रवाई के माध्यम से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.