नेरुळ में विकास कार्यों को मंजूरी, फुटपाथ से सुरक्षा व्यवस्था तक होगा सुधार

परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : नागरिकों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देते हुए नेरुळ विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, महापालिका की सर्वसाधारण सभा में सड़क, फुटपाथ, संरक्षक दीवार और सुरक्षा फेंसिंग से जुड़े कार्यों को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलने के बाद अब इन लोकोपयोगी कार्यों के प्रत्यक्ष रूप से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। शिवालय कॉम्प्लेक्स–यशवंत टॉवर मार्ग पर सुधरेगा फुटपाथ शिवालय कॉम्प्लेक्स से यशवंत टॉवर तक का पदपथ लंबे समय से खराब अवस्था में होने के कारण पैदल चलने वाले नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिलने के बाद इस मार्ग के पदपथ को स्टैम्प्ड कंक्रीट से विकसित कर सुधारने के कार्य को मंजूरी दी गई है। फुटपाथ के सुधार से पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के सौंदर्य में भी सुधार होने की उम्मीद है। रेलवे लाइन के पास 730 मीटर फेंसिंग से बढ़ेगी सुरक्षा- इसी क्षेत्र में रेलवे हद्द और मनपा हद्द के बीच सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 730 मीटर लंबी चैन-लिंक फेंसिंग लगाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे लाइन से सटी खाली जगह में डेब्रिज और अन्य सामग्री फेंके जाने से लगातार गंदगी फैल रही थी। इससे स्वच्छता के साथ-साथ नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती थी। वहीं, कुछ नागरिकों द्वारा रेलवे लाइन पार कर आवागमन किए जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था। फेंसिंग लगने के बाद इस तरह के अनधिकृत आवागमन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही खाली जगह का गैरकानूनी इस्तेमाल और चोरी जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में सहायता मिलने की उम्मीद है। स्कूल की जर्जर संरक्षक दीवार की होगी मरम्मत – नेरुळ विभाग के सारसोळे गांव स्थित ज्ञानज्योति सावित्रीबाई फुले शाला क्रमांक 12 की संरक्षक दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा का सवाल सामने आया था। स्कूल के बच्चे मैदान में खेलते हैं, ऐसे में जर्जर दीवार के कारण किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई थी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संरक्षक दीवार की मरम्मत के साथ पदपथ सुधार और परिसर के सौंदर्यीकरण के कार्य को भी मंजूरी दी गई है।
नागरिक सुविधाओं को मिलेगी नई दिशा महापालिका सर्वसाधारण सभा में इन सभी कार्यों को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलने के बाद नेरुळ विभाग में मूलभूत नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। फुटपाथ सुधार से लेकर रेलवे लाइन के किनारे सुरक्षा फेंसिंग और स्कूल की संरक्षक दीवार की मरम्मत तक के कार्य सीधे तौर पर नागरिकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े हैं। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में बेहतर पैदल आवागमन, स्वच्छ वातावरण, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुरक्षित सार्वजनिक परिसर उपलब्ध होने की उम्मीद है। अब नागरिकों की नजर इन मंजूर कार्यों के प्रत्यक्ष कार्यान्वयन और समयबद्ध पूर्णता पर रहेगी।