कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धा और उल्लास का संगम, दीपदान, भजन-कीर्तन और आकर्षक सजावट ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
परमेश्वर सिंह | मीरजापुर : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर देव दीपावली का पर्व कछवां क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। दीपों की जगमगाती रोशनी, मंदिरों की आकर्षक सजावट, घंटियों की गूंज और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शाम ढलते ही मंदिरों, गलियों, सीढ़ियों और जलकुंडों के किनारे दीपों की कतारें सज गईं। ऐसा मनोरम दृश्य दिखाई दिया, मानो धरती पर सितारों की रोशनी उतर आई हो। देव दीपावली के अवसर पर कछवां की उत्तर गली स्थित हनुमान मंदिर, कछवां के कश्यप कुंड और मूंछ वाले हनुमान मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में विशेष सजावट की गई। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, दीपमालाओं और आकर्षक रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठे। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया, वहीं शाम होते ही दीपदान के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कश्यप कुंड पर दीपदान का विशेष आकर्षण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर कुंड के किनारे सजाए और दीप प्रवाहित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पानी में झिलमिलाते दीपों की रोशनी ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया। वहीं मंदिरों की सीढ़ियों और आसपास की गलियों में सजे दीपों ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया।उत्तर गली स्थित हनुमान मंदिर और मूंछ वाले हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। देर रात तक मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। इस अवसर पर स्नान, दान, दीपदान और पूजा-अर्चना को पुण्यदायी माना जाता है। देव दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि यह मनुष्य को अपने भीतर के अज्ञान, अहंकार और नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा भी देता है। कहा जाता है कि जिस प्रकार एक छोटा-सा दीपक अंधकार को दूर करने की क्षमता रखता है, उसी प्रकार एक अच्छा विचार और नेक कर्म समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। प्रेम, करुणा, सहयोग और आपसी भाईचारे का संदेश ही इस पर्व की वास्तविक सार्थकता है। पूरे कछवां क्षेत्र में देव दीपावली को लेकर उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। मंदिरों की भव्य सजावट, दीपदान और धार्मिक आयोजनों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। लोगों ने एक-दूसरे को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली की शुभकामनाएं दीं। आस्था और परंपरा से जुड़ा यह पर्व कछवां की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को एक बार फिर रोशन कर गया।