व्यापारियों की समस्याओं और आगामी मेले की तैयारियों पर मंथन, संगठन की मजबूती पर दिया गया जोर
परमेश्वर सिंह | कछवां, मिर्जापुर : कछवां व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, आगामी मेले की तैयारियों तथा वर्ष 2025 में आयोजित मेले के आय-व्यय और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। बैठक में आगामी मेले को लेकर तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई। व्यापारियों की सुविधाओं, सुरक्षा, व्यवस्थाओं तथा मेले के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों और व्यापारियों ने अपने सुझाव रखे। साथ ही पिछले वर्ष आयोजित मेले की व्यवस्थाओं और आय-व्यय की समीक्षा करते हुए आगामी आयोजन में आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया गया। व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर, ईस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय मंत्री एवं पूर्व चेयरमैन अजय कुमार उपाध्याय ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने व्यापारियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी मेले को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी संबंधित लोगों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया। सर्वसम्मति से सौरभ गुप्ता को मिली युवा नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी, बैठक का प्रमुख आकर्षण युवा कछवां व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष के चयन को लेकर रहा। उपस्थित पदाधिकारियों एवं व्यापारियों की सहमति से सौरभ गुप्ता को सर्वसम्मति से युवा कछवां व्यापार मंडल का नगर अध्यक्ष चुना गया। सौरभ गुप्ता के चयन की घोषणा के बाद उपस्थित व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि युवा नेतृत्व के माध्यम से संगठन को नई दिशा मिलेगी और युवा व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संगठन के मंच पर उठाया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद गुप्ता ने सौरभ गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि संगठन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समय की आवश्यकता है। युवाओं के अनुभव, ऊर्जा और सक्रियता से व्यापार मंडल को और मजबूती मिलेगी तथा व्यापारियों के हितों की आवाज को और प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प, नवनिर्वाचित युवा नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने तथा संगठन की गतिविधियों में अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने की बात कही। बैठक में लक्ष्मीकांत गुप्ता, अजय सेठ, रामकुमार, श्री प्रकाश गुप्ता, प्रमोद रस्तोगी, श्याम जी केशरी, अभिषेक उर्फ सल्लू, राधेश्याम उमर, मदन लाल विश्वकर्मा, अंजनी मोदनवाल, अमरनाथ सिंह, दीपक भुजा, पवन मोदनवाल, विकास गुप्ता, मनीष गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, कृष्ण कुमार उमर कोले, चंदन उमर, शिवकांत गुप्ता, बबलू सेठ, अनन्त लाल सेठ, सुरेंद्र मौर्य, मनोहर उमर, अजीत केशरी एवं नंदलाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक के समापन पर संगठन की एकजुटता बनाए रखने, व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा आगामी मेले को सफल एवं व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया गया।
