ऐरोली के साईनाथ वाड़ी में दिनदहाड़े फायरिंग, दो घायल; हमलावर फरार
परमेश्वर सिंह / नवी मुंबई, महाराष्ट्र : नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साईनाथ वाड़ी (छत्रपति चॉल) में हुई इस वारदात में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर साईनाथ वाड़ी पहुंचा और अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने लगातार तीन राउंड फायर किए। फायरिंग इतनी अचानक हुई कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में संदीप गवस और अमित मोर्या घायल हो गए। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हमलावर फरार, इलाके में दहशत – वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दिन के समय हुई इस घटना ने स्थानीय निवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। गोलियों की आवाज सुनते ही लोग अपने घरों और दुकानों में छिप गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस की कार्रवाई तेज- सूचना मिलते ही रबाले पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पोलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालने शुरू किया हैँ, आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया हैँ, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस शुरुआती तौर पर इस मामले को आपसी रंजिश या पुराने विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा पर उठे सवाल- ऐरोली जैसे व्यस्त और विकसित इलाके में इस प्रकार की दिनदहाड़े फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। ऐरोली की यह घटना न केवल स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय है, बल्कि यह शहरी सुरक्षा के मौजूदा ढांचे पर भी सवाल उठाती है। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कितनी तेजी से आरोपी तक पहुंचकर इस मामले का खुलासा करती है।
