परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : नवी मुंबई में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक कर अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीबीडी बेलापुर स्थित कार्यालय में की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट व्यवसाय से जुड़ा है। उसने आरोप लगाया था कि उसके कार्य से संबंधित फाइल को क्लियर करने के लिए कर विभाग के अधिकारी अमित भानुदास गिरी (उम्र 54 वर्ष) द्वारा ₹20,000 की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो ने जांच की और जाल बिछाया। जांच के दौरान आरोपी ने पहले ₹2,000 की रिश्वत स्वीकार की, जिसके बाद शेष रकम की मांग जारी रखी गई। 6 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए एसीबी टीम ने आरोपी को ₹2,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान एक निजी महिला भी मौके पर मौजूद थी, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत एसीबी कार्यालय में करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल भी जारी किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आम नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। किसी भी प्रकार की रिश्वत मांगने की शिकायत ACB से तुरंत करें।