पंचायत चुनाव में देरी पर माझवा ब्लॉक के प्रधानों की बैठक, चुनाव समय पर हो, कार्यकाल बढ़ाने की मांग तेज
NMT News / मिर्जापुर : जनपद मिर्जापुर के विकास खंड माझवा में समस्त ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंचायत चुनाव समय पर न होने की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए मांग की कि यदि निर्धारित समय पर ग्राम पंचायत चुनाव सम्पन्न नहीं होते हैं, तो वर्तमान निर्वाचित ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। प्रधानों का कहना है कि चुनाव में देरी के चलते यदि वर्तमान कार्यकाल समाप्त हो जाता है, तो ग्राम स्तर पर प्रशासनिक शून्यता (Administrative Vacuum) उत्पन्न हो जाएगी, जिससे विकास कार्य, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन एवं आम जनता को मिलने वाली मूलभूत सेवाएं बाधित होंगी। मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन, ग्राम प्रधानों द्वारा इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन (Memorandum) प्रेषित किया गया है। ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया है कि अन्य राज्यों में भी ऐसी परिस्थितियों में, चुनाव में विलंब होने पर, निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को कार्यकाल बढ़ाकर कार्य करने का अवसर प्रदान किया गया है। प्रधानों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में भी इसी प्रकार की व्यवस्था लागू की जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 एवं भारतीय संविधान के अनुच्छेद 243E पंचायतों की निरंतरता बनाए रखने पर बल देते हैं, जिससे स्थानीय स्वशासन व्यवस्था प्रभावित न हो। ग्राम प्रधानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंचायत चुनाव सम्पन्न होने तक वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या फिर कोई वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
