वाशी में क्रेडाई बीएएनएम के 24वें मेगा प्रॉपर्टी एक्सपो का भव्य शुभारंभ, संदीप नाईक रहे उपस्थित
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : नवी मुंबई के वाशी में आज से क्रेडाई बी.ए.एन.एम. (CREDAI B.A.N.M.) द्वारा आयोजित 24वें मेगा प्रॉपर्टी एक्सपो का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेता संदीप नाईक विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का दौरा कर विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण किया और भवन निर्माताओं द्वारा नवी मुंबई में विकसित किए जा रहे आवासीय एवं व्यावसायिक प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली। नवी मुंबई एक सुनियोजित और तेजी से विकसित होता हुआ शहर है। शहर का सुव्यवस्थित बुनियादी ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएँ इसे देश के प्रमुख शहरी केंद्रों में शामिल करती हैं। शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के लिए देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग नवी मुंबई आ रहे हैं, जिससे यहाँ आवास की मांग लगातार बढ़ रही है। इस विकास प्रक्रिया में भवन निर्माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। इस दौरान संदीप नाईक ने कहा कि नवी मुंबई के विकास में रियल एस्टेट क्षेत्र का बड़ा योगदान है। आने वाले समय में शहर और अधिक प्रगति करेगा तथा नागरिकों को बेहतर जीवनशैली और सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कुछ ही दिनों में नवी मुंबई के दि. बा. पाटिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। हवाईअड्डा शुरू होने के बाद नवी मुंबई में आने वाले लोगों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, ऐसे में भवन निर्माताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक आवास उपलब्ध कराएँ। आयोजकों के अनुसार, यह मेगा प्रॉपर्टी एक्सपो हर वर्ष आम लोगों के लिए अपने सपनों का घर खोजने का एक महत्वपूर्ण मंच बनता जा रहा है। हर साल एक लाख से अधिक लोग इस प्रदर्शनी का दौरा करते हैं। यह प्रदर्शनी न केवल घर खरीदारों के लिए लाभकारी है, बल्कि भवन निर्माताओं के व्यवसाय को भी नई गति प्रदान करती है। अंत में संदीप नाईक ने सभी भवन निर्माताओं को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि आम नागरिकों का घर खरीदने का सपना साकार हो और नवी मुंबई निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ती रहे।