जगतपुर में काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन, 1264 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; 172 प्रतिभागी बने विजेता
परमेश्वर सिंह / वाराणसी: आराजी लाइन विकासखंड के जगतपुर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। प्रतियोगिता के समापन सत्र में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह एवं संदीप सिंह मिंटू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव एवं खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में किया गया। जगतपुर इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजय कुमार सिंह तथा प्रधानाचार्य बिपिन कुमार सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। 1264 खिलाड़ियों की सहभागिता, 172 प्रतिभागियों ने हासिल की सफलता, ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं के अंतर्गत कुल 1264 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कीया, जिनमें 172 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया। दौड़ प्रतियोगिताओं में महगांव, हरदत्तपुर और रामसिंहपुर का शानदार प्रदर्शन, 100 मीटर दौड़ की अंडर-11 श्रेणी में महगांव, 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग में हरदत्तपुर तथा 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग में रामसिंहपुर के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार 400 मीटर दौड़ में अंडर-11 वर्ग में महगांव, 14 वर्ष आयु वर्ग में हरदत्तपुर, 18 वर्ष आयु वर्ग में रामसिंहपुर तथा 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतापपुर के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल, वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बसंतपुर एवं प्रयागपुर के प्रतिभागियों ने सफलता प्राप्त की। बैडमिंटन में बसंतपुर, भवानीपुर, हरदत्तपुर एवं प्रयागपुर के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। चिन-अप प्रतियोगिता में कचनार, बेनीपुर, खेवली एवं भवानीपुर के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लंबी कूद प्रतियोगिता में कुरौना, कचनार, रामसिंहपुर, बेनीपुर एवं प्रयागपुर के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, योगासन प्रतियोगिता में हरदत्तपुर, सुईचक एवं प्रतापपुर के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित, प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की गई तथा खेलों को युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और खेल गतिविधियों के प्रति युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त होता है और उन्हें भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। आयोजन की सफलता में अधिकारियों एवं सहयोगियों की अहम भूमिका, प्रतियोगिता के सफल संचालन में चंद्रमणि पांडेय, सुरेंद्र कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, विवेक कुमार, मनीष कुमार सिंह, राजदेव तथा समस्त नोडल संकुल, खेल अनुदेशकों एवं अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता ने क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का माहौल बनाया। खिलाड़ियों की व्यापक भागीदारी ने आयोजन को विशेष पहचान दी तथा ग्रामीण स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया।
