नशामुक्ति के लिए सामाजिक सहभागिता अनिवार्य – समीर वानखेड़े
NMT News Network | नवी मुंबई : सृजन संवेदना फाउंडेशन एवं सज्जन शक्ति द्वारा आयोजित “नशा मुक्ति अभियान एवं युवा रत्न अवार्ड” समारोह में आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सामाजिक सहभागिता को सबसे प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने संबोधन में वानखेड़े ने नार्को-टेररिज्म (Narco-Terrorism) को देश की आंतरिक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि ड्रग्स का अवैध कारोबार राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से प्राप्त धनराशि का उपयोग आतंकवादी गतिविधियों, हथियारों की खरीद और संगठित अपराधों को बढ़ावा देने में किया जाता है, जो देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चिंताजनक विषय है। उन्होंने कहा, “मेरा मुख्य फोकस हमेशा नशामुक्ति अभियानों पर रहा है। जब समाज जागरूक होकर एकजुट होता है, तब कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन संभव हो पाता है।” वानखेड़े ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं प्रशासन के बीच समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने जागरूकता अभियान, काउंसलिंग, पुनर्वास केंद्रों और सामुदायिक भागीदारी को नशामुक्ति अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली नशे से संबंधित गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें तथा प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। कार्यक्रम में सज्जन शक्ति की ब्रांड एम्बेसडर मधु शंकर, सृजन संवेदना फाउंडेशन के अध्यक्ष चंद्रकांत, सचिव अनमोल कुंवलेकर एवं B.न कुमार सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सामाजिक सरोकारों, युवाओं के मार्गदर्शन एवं नशामुक्त समाज निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ युवाओं को सही दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को “युवा रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प भी लिया।
