ईमानदारी की मिसाल, ऑटो चालक ने लौटाई पैसों से भरी बैग, वाशी पुलिस की मौजूदगी में मालिक को मिली रकम
यात्री के उतरने के बाद रिक्शा में मिली थी लाल रंग की बैग, पैसों से भरी बैग देखकर भी नहीं डगमगाया चालक का ईमान
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : नवी मुंबई के वाशी पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार को ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की एक सराहनीय मिसाल सामने आई। एक यात्री द्वारा ऑटो रिक्शा में भूलवश छोड़ी गई पैसों से भरी बैग को रिक्शा चालक ने अपने पास रखने के बजाय तत्काल पुलिस के हवाले कर दिया। वाशी पुलिस की तत्परता से बैग उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंच गई। मामला 24 सितंबर 2026 का है। पनवेल निवासी अमोल अशोक सावंत (38) ऑटो रिक्शा क्रमांक MH-43-BF-5535 चलाते हैं। सुबह करीब 11:15 बजे कोपरखैरणे सेक्टर-12 स्थित फॉर्म सोसायटी से एक यात्री उनकी रिक्शा में सवार हुआ और उसे एपीएमसी मसाला मार्केट जाना था। यात्री को निर्धारित स्थान पर उतारने के बाद अमोल सावंत अपने अगले गंतव्य की ओर निकल गए। कुछ समय बाद जब वह वाशी बस डिपो पहुंचे तब उनकी नजर रिक्शा की पिछली सीट के पास पड़ी एक लाल रंग की बैग पर गई। बैग खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में नकदी के बंडल दिखाई दिए। ऐसी स्थिति में किसी भी व्यक्ति के सामने लालच का अवसर हो सकता था, लेकिन अमोल सावंत ने रकम अपने पास रखने के बजाय तत्काल पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने सहयोगी शिवाजी के. जेजेराम गव्हाणे के साथ वाशी पुलिस थाने पहुंचकर पूरी बैग पुलिस के सुपुर्द कर दी। बैग को पुलिस थाना अंमलदार पोलीस हवालदार/100 अशोक कचरे तथा महाराष्ट्र पोलीस उपनिरीक्षक मामीलीवार के समक्ष सुरक्षित रूप से जमा कराया गया। मालिक भी पहुंचा पुलिस थाने – इधर, जिस यात्री की बैग रिक्शा में छूट गई थी वह भी अपनी कीमती सामान की तलाश करते हुए वाशी पुलिस थाने पहुंच गया। बैग के वास्तविक मालिक की पहचान माधवजी लालजी भानुशाली (70) निवासी कोपरखैरणे, नवी मुंबई के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में बैग को खोला और उसमें रखी रकम एवं अन्य सामान की खातरजमा की। सत्यापन के बाद बैग को सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक मालिक माधवजी भानुशाली के सुपुर्द कर दिया गया। ईमानदारी की हुई सराहना – इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों की ओर से किसी प्रकार का संदेह अथवा शिकायत नहीं होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पैसों से भरी बैग मिलने के बावजूद उसे अपने पास न रखते हुए पुलिस के हवाले करने वाले ऑटो चालक अमोल सावंत के ईमानदार रवैये की वाशी पुलिस की ओर से सराहना की गई। अमोल सावंत का यह कदम केवल एक बैग लौटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बताता है कि आज भी समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी की भावना मजबूत है। उनकी इस पहल से अन्य नागरिकों को भी सार्वजनिक स्थानों पर मिले किसी के सामान अथवा महत्वपूर्ण दस्तावेजों को संबंधित व्यक्ति या पुलिस तक पहुंचाने की प्रेरणा मिलती है। वाशी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी व्यक्ति की खोई हुई वस्तु, नकदी, दस्तावेज अथवा अन्य महत्वपूर्ण सामान मिलता है, तो उसे अपने पास रखने के बजाय तत्काल पुलिस के हवाले करें।
