Website Media & News Channel

वन मंत्री गणेश नाईक ने दिया बड़ा बयान – अवैध निर्माण, जल संकट और पर्यावरण संरक्षण पर कड़े कदम की चेतावनी

0

परमेश्वर सिह, नवी मुंबई: राज्य के वन मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता गणेश नाईक ने नवी मुंबई के विकास और पर्यावरण संतुलन पर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि “अब अवैध निर्माण और पर्यावरण से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।” उन्होंने कहा कि शहर के विकास में पारदर्शिता और हरित नीति को प्राथमिकता दी जाएगी। नाईक ने यह भी स्पष्ट किया कि नवी मुंबई में जल संकट, अवैध हाउसिंग प्रोजेक्ट्स और मैंग्रॉव्स की अंधाधुंध कटाई जैसी समस्याओं पर वन विभाग सक्रिय रूप से निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा – नवी मुंबई सिर्फ इमारतों का नहीं, बल्कि संतुलित विकास का शहर बनेगा। पर्यावरण, हरियाली और नागरिकों की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। पर्यावरण ‘संरक्षण पर जोर’ फॉरेस्ट मिनिस्टर गणेश नाईक ने कहा कि नवी मुंबई को “ग्रीन कॉरिडोर” के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए दो बड़े मैंग्रॉव पार्क और फ्लेमिंगो झील संरक्षण प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए, किसी भी अवैध निर्माण या भूमि अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘अवैध निर्माणों पर सख्ती’ नाईक ने नगर निगम (NMMC) और संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में बिना OC/CC के इमारतें बनी हैं या मैंग्रॉव क्षेत्र में निर्माण हुआ है, वहां तुरंत कार्यवाही की जाए। किसी के दबाव में नहीं, कानून के तहत कार्रवाई होगी, उन्होंने कहा – हाल ही में ऐरोली क्षेत्र में मैंग्रॉव भूमि पर किए गए कई अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। ‘जल संकट पर प्रशासन को फटकार’ नवी मुंबई में बढ़ती जल समस्या पर मंत्री ने कहा कि शहर में जल चोरी और पाइपलाइन लीकेज प्रशासन की बड़ी नाकामी है। उन्होंने खुलकर कहा कि जल वितरण में भ्रष्टाचार और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि आने वाले महीनों में नवी मुंबई को “स्मार्ट वॉटर सिटी” बनाने की दिशा में काम तेज़ किया जाएगा। ‘महिला सशक्तिकरण और विभागीय सुधार’ गणेश नाईक ने बताया कि वन विभाग में 51% नई नौकरियाँ महिलाओं को देने का निर्णय लिया गया है, जिससे महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा।
साथ ही, विभाग को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए “ग्रीन रेवेन्यू मॉडल” लाने की योजना है।
नवी मुंबई की राजनीति में गणेश नाईक की पकड़ बेहद मज़बूत मानी जाती है। ऐरोली से कई बार विधायक रहे नाईक ने यह संदेश भी दिया कि “जनता का भरोसा ही असली राजनीति की ताकत है।” उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ अफवाह फैलाते हैं, जबकि हम ज़मीन पर काम करते हैं। फॉरेस्ट मिनिस्टर गणेश नाईक के बयानों से स्पष्ट है कि आने वाले महीनों में नवी मुंबई में अवैध निर्माणों, पर्यावरणीय उल्लंघनों और प्रशासनिक लापरवाहियों पर बड़ी कार्रवाइयाँ देखने को मिल सकती हैं। वन विभाग और NMMC के बीच समन्वय बढ़ने के साथ, शहर को “ग्रीन और क्लीन नवी मुंबई” के रूप में विकसित करने की दिशा तय की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.