नवी मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2025–26, निष्पक्ष चुनाव हेतु मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर व मीडिया सेंटर सक्रिय
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : नवी मुंबई महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव 2025–26 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। माननीय राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, महानगरपालिका आयुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी डॉ. कैलास शिंदे के नेतृत्व में हर स्तर पर सटीक एवं सुव्यवस्थित योजना बनाई गई है। इसी कड़ी में, नवी मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय की तीसरी मंज़िल पर अत्याधुनिक मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर की स्थापना की गई है। इस केंद्र के माध्यम से पूरे चुनाव काल के दौरान प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित होने वाली चुनाव संबंधी खबरों, विज्ञापनों और प्रचार सामग्री पर सतत निगरानी रखी जाएगी। कार्य की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की स्वतंत्र टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें विभिन्न माध्यमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मुख्यालय के भूतल पर पत्रकारों की सुविधा के लिए मीडिया सेंटर भी शुरू किया गया है, जहाँ से चुनाव से जुड़ी आधिकारिक और प्रमाणिक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी श्री सत्यवान उबाले को मीडिया सेल तथा मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गठित मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों एवं उम्मीदवारों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों में प्रसारित की जाने वाली विज्ञापनों के पूर्व-प्रमाणन की प्रक्रिया सुनिश्चित करेगी। हाल ही में महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त श्री सुनील पवार, प्रशासन विभाग के उप आयुक्त श्री किसनराव पलांडे, संपत्ति कर विभाग के उप आयुक्त डॉ. अमोल पालवे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अक्टूबर 2025 को जारी अधिसूचना के अनुसार, चुनाव अवधि में पेड न्यूज़ से संबंधित शिकायतों की जांच, सोशल मीडिया की निगरानी, मीडिया द्वारा आदर्श आचार संहिता के पालन की समीक्षा तथा चुनावी प्रचार से जुड़ी गतिविधियों का नियंत्रण इसी समिति द्वारा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नवी मुंबई महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव 2025 के लिए 15 दिसंबर से आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों और मीडिया संस्थानों से नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। साथ ही, मीडिया से यह अपेक्षा भी की गई है कि वे निष्पक्ष, संतुलित और वस्तुनिष्ठ समाचार प्रस्तुत करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएँ और अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें।