पुलिस जवान की बहादुरी, तालाब में कूदकर डूबती महिला की बचाई जान
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : नवी मुंबई के रोडपाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां गणपति विसर्जन तालाब में कूदकर एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। लेकिन कळंबोली पुलिस की तत्परता और एक पुलिस जवान की बहादुरी ने कुछ ही मिनटों में महिला की जान बचा ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रोडपाली स्थित गणपति विसर्जन तालाब में एक महिला ने छलांग लगा दी है और वह पानी में डूब रही है। सूचना मिलते ही के बीट मार्शल-1 पर तैनात पुलिस शिपाई आकाश वानखेडे एवं पुलिस शिपाई सागर माळी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। सूचना मिलने के मात्र तीन मिनट के भीतर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। वहां पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने देखा कि महिला गहरे पानी में डूब रही है और उसकी स्थिति बेहद गंभीर है। समय गंवाए बिना पुलिस शिपाई सागर माळी ने अपनी जान की परवाह किए बिना तालाब में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस जवान के इस साहसिक कदम की सराहना की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि कुछ मिनट और देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। महिला को तुरंत पुलिस वाहन से आशा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई। बाद में महिला के परिजनों के पहुंचने पर उसे आगे के उपचार के लिए एमजीएम हॉस्पिटल भेजा गया। महिला की पहचान अनिता बालाजी नांदे (35 वर्ष), निवासी कळंबोली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ बताई जा रही है। इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की रक्षा भी करती है। कळंबोली पुलिस के जवान सागर माळी की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
