Website Media & News Channel

अभय योजना का लाभ उठाने की अंतिम कॉल, 15 हजार से अधिक बकायेदारों ने भरे 81 करोड़ रुपये

0

परमेश्वर सिंह, एडिटर / नवी मुंबई : नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) द्वारा संपत्ति कर बकायेदारों के लिए शुरू की गई ‘अभय योजना’ अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस योजना की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026, रात 12 बजे तक निर्धारित है। महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शेष बकाया कर समय रहते जमा कर इस योजना का लाभ उठाएं।महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे के अनुसार, अब तक 15,092 बकायेदारों ने अभय योजना का लाभ लेते हुए कुल 81 करोड़ 34 लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर जमा किया है। योजना को नागरिकों का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के मुताबिक 27 मार्च 2026 तक शाम 5 बजे तक कुल 755 करोड़ रुपये का संपत्ति कर वसूला जा चुका है। इस दौरान 2 लाख 14 हजार 900 संपत्ति धारकों ने कर का भुगतान किया, जिसमें से 61.5 प्रतिशत ने ऑनलाइन और 38.5 प्रतिशत ने ऑफलाइन माध्यम अपनाया। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका ने कर संग्रह केंद्रों के समय में भी विस्तार किया है। शनिवार (28 मार्च), रविवार (29 मार्च) और सोमवार (30 मार्च) को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक केंद्र खुले रहेंगे, जबकि 31 मार्च को सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक भुगतान किया जा सकेगा। अभय योजना के तहत आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक और खाली भूखंडों के संपत्ति कर की बकाया राशि एकमुश्त जमा करने पर विलंब शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यह छूट केवल उन्हीं करदाताओं को मिलेगी जो वित्तीय वर्ष 2025-26 तक की पूरी बकाया राशि निर्धारित समय के भीतर जमा करेंगे। महानगरपालिका ने इस वर्ष कर वसूली के लिए डिजिटल तकनीकों का व्यापक उपयोग किया है। ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, एसएमएस अलर्ट, नोटिस और व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से नागरिकों को कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित किया गया है। नागरिक महानगरपालिका की आधिकारिक वेबसाइट www.nmmc.gov.in, व्हाट्सएप चैटबॉट (8291920504) या नजदीकी कर संग्रह केंद्र पर जाकर अपना संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह योजना बकायेदारों के लिए एक अंतिम अवसर है, जिसके बाद दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। ऐसे में नागरिकों से आग्रह है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर समय पर कर भुगतान सुनिश्चित करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.