ACB की कार्रवाई – ट्रैफिक पुलिस हवालदार ₹9,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
परमेश्वर सिंह / मुंबई: लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (ACB) मुंबई ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए घाटकोपर ट्रैफिक विभाग में तैनात एक पुलिस हवालदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 अगस्त 2026 को एक योजनाबद्ध ट्रैप के तहत की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिस हवालदार सतीश गणेश राठोड़ (व.शि. क्र. 149093) ने एक रिक्शा चालक से कार्रवाई से बचाने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शुरुआत में आरोपी द्वारा ₹1,500 से ₹2,000 तक की मांग की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर ₹9,000 कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने आरोपी की मांग से परेशान होकर लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग (ACB) से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई और 24 अगस्त को आरोपी को ₹9,000 रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार प्रतिबंधक अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त महेंद्र दिघे के मार्गदर्शन में की गई। ACB ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
