महाराष्ट्र स्थापना दिवस पर नवी मुंबई महानगरपालिका में ध्वजारोहण, मजदूर दिवस पर उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान, प्लास्टिक पुनर्चक्रण पहल का शुभारंभ
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई: महाराष्ट्र राज्य के 67वें स्थापना दिवस के अवसर पर 1 मई 2026 को नवी मुंबई महानगरपालिका ( NMMC ) मुख्यालय में आयोजित समारोह में महापौर श्रीमती सुजाता पाटिल ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में महापालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। शासन प्रोटोकॉल के अनुसार समारोह की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ से की गई। इसके पश्चात राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए ‘जन गण मन’ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। साथ ही राज्य शासन द्वारा अधिसूचित ‘जय जय महाराष्ट्र माझा’ राज्य गीत का प्रसारण कर सम्मान व्यक्त किया गया। समारोह के दौरान परिसर में अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त श्री सुनील पवार एवं डॉ. राहुल गेठे, प्रशासन विभाग के उपआयुक्त श्री किसनराव पलांडे, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी श्री सत्यवान उबाले, अतिरिक्त शहर अभियंता श्री अरविंद शिंदे तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा अग्निशमन दल के जवान, अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी एवं नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। मजदूर दिवस पर सम्मान समारोह- मजदूर दिवस के अवसर पर महानगरपालिका के विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। घनकचरा प्रबंधन, जल आपूर्ति, उद्यान, स्वास्थ्य तथा मलनिस्सारण विभाग के कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति प्रदान की गई। पर्यावरणीय पहल पर जोर, महापौर श्रीमती सुजाता पाटिल ने अपने संबोधन में नागरिकों को महाराष्ट्र दिवस एवं मजदूर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक भागीदारी और सतत विकास पर बल दिया। उन्होंने बताया कि ‘प्लास्टिक मुक्त नवी मुंबई’ अभियान के तहत पुनर्निर्मित प्लास्टिक से सार्वजनिक उपयोग हेतु बेंच तैयार किए जा रहे हैं, जो शहरी स्वच्छता और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महापालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे ने हुतात्माओं के बलिदान को स्मरण करते हुए श्रम-सम्मान की परंपरा को रेखांकित किया। उन्होंने नागरिकों से जारी जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी कर तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। CSR सहयोग से पुनर्चक्रण पहल, समारोह के दौरान “स्त्री मुक्ति संगठन” द्वारा संकलित प्लास्टिक के पुनर्चक्रण से तैयार किए गए बेंचों का अनावरण किया गया। इस पहल को गैलेक्सी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत वित्तीय सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में संगठन की ट्रस्टी श्रीमती वृषाली मगदुम एवं कंपनी के प्रतिनिधि श्री अमित गोरी उपस्थित रहे। महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में महानगरपालिका मुख्यालय भवन को 30 अप्रैल से 2 मई 2026 तक विशेष विद्युत सजावट से अलंकृत किया गया है। परिसर में हुतात्मा चौक की प्रतिकृति तथा आकर्षक रंगोली भी प्रदर्शित की गई, जिसने नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मुख्यालय परिसर में पहुंचकर कार्यक्रम और सजावट का अवलोकन करते देखे गए।
