राष्ट्रीय एक्रोबैटिक्स चैंपियनशिप में देव स्पोर्ट्स अकादमी का ऐतिहासिक प्रदर्शन, महाराष्ट्र को दिलाया कांस्य पदक
परमेश्वर सिंह | पनवेल,उलवे : कर्नाटक के मैसूर स्थित चामुंडी स्टेडियम में दिनांक 1 से 3 अगस्त 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय एक्रोबैटिक्स जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप–2026 में देव स्पोर्ट्स अकादमी, उलवे एवं पनवेल के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र राज्य का गौरव बढ़ाया। अकादमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रभावशाली प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। (Pre Youth Mixed Pair) वर्ग में मधुश्री रत्नावत एवं मानव धनावत ने बेहतरीन तालमेल और शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया, जिससे महाराष्ट्र को राष्ट्रीय मंच पर महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, देव स्पोर्ट्स अकादमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी महाराष्ट्र टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। मेंस पेयर वर्ग में मितेश धनावत एवं शारव बेलसरे, यूथ ट्रायो वर्ग में मेहक सालेशा, रिद्धी गेल्डा एवं आयेशा पाटील, तथा जूनियर विमेंस पेयर वर्ग में आरोही भणगे एवं नंदिका मंडल ने उत्कृष्ट सहभागिता दर्ज कर अकादमी, पनवेल और रायगढ़ जिले का गौरव बढ़ाया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि देव स्पोर्ट्स अकादमी के इतिहास में यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप का पहला पदक है, जो अकादमी के लिए एक स्वर्णिम और ऐतिहासिक क्षण बन गया है। इस सफलता के पीछे खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन, अभिभावकों का अमूल्य सहयोग तथा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं जज ज्योति मोरे और राष्ट्रीय प्रशिक्षक अविनाश मोरे का मार्गदर्शन, तकनीकी प्रशिक्षण और समर्पित प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों को विभिन्न स्तरों से हार्दिक बधाइयाँ प्राप्त हो रही हैं। यह सफलता न केवल वर्तमान खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि आने वाले समय में और अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी तथा देव स्पोर्ट्स अकादमी को खेल जगत में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।