दैनिक ‘नवे शहर’ के संपादक शैलेश जाधव के कथित अपहरण से नवी मुंबई में हड़कंप
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई: दैनिक ‘नवे शहर’ के संपादक शैलेश सुंदर जाधव (52) के संदिग्ध रूप से लापता होने के मामले ने नवी मुंबई में चिंता बढ़ा दी है। उनकी पत्नी मेघना शैलेश जाधव की शिकायत के आधार पर वाशी पुलिस स्टेशन में कथित अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दस्तावेज के अनुसार इस मामले में FIR क्रमांक 0461/2026 दर्ज की गई है। शैलेश जाधव के अचानक संपर्क से बाहर होने के बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। शिकायत में उनके परिवार की ओर से बताया गया है कि दिन में उनसे फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में उनसे संपर्क नहीं हो सका। लगातार प्रयासों के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की। शिकायत में यह जानकारी मिली कि शैलेश जाधव के वाशी स्थित नवरत्न होटल परिसर के आसपास होने की जानकारी मिली थी। उनके एक परिचित के अनुसार, उन्हें 22 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे नवरत्न होटल के पास देखा गया था। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर उनके लापता होने और संभावित अपहरण की आशंका की जानकारी दी। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR- मेघना शैलेश जाधव की शिकायत के आधार पर वाशी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घटना का संभावित समय 21 सितंबर 2026 की शाम 6:30 बजे से 22 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे के बीच बताया गया है। पुलिस को घटना की सूचना 22 सितंबर को रात करीब 8 बजे मिली, जिसके बाद रात 8:27 बजे वाशी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज किया गया है। तकनीकी साक्ष्यों की जांच पर फोकस – मामले की जांच में CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल संबंधी जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। पुलिस द्वारा नवरत्न होटल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज की जांच कर शैलेश जाधव की आखिरी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा सकता है। फिलहाल FIR में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज है। शैलेश जाधव के साथ क्या हुआ, वह किन परिस्थितियों में लापता हुए और इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है। परिवार को सुरक्षित वापसी की उम्मीद – शैलेश जाधव के लापता होने की खबर के बाद उनके परिवार, सहकर्मियों और परिचितों में चिंता का माहौल है। परिवार पुलिस जांच के साथ-साथ उनके संबंध में किसी भी महत्वपूर्ण जानकारी की प्रतीक्षा कर रहा है।
