Website Media & News Channel

तुर्भे जंगल में MTNL केबल जलाने का रैकेट ध्वस्त – 25 गिरफ्तार, ₹5 करोड़ का माल जब्त

0

परमेश्वर सिंह / नवी मुंबई : नवी मुंबई के तुर्भे MIDC क्षेत्र के घने जंगलों में चल रहे एक सुनियोजित केबल चोरी और अवैध कॉपर निष्कर्षण रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन में कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि लगभग ₹5 करोड़ मूल्य का MTNL केबल और 4 टेंपो जब्त किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था। आरोपी पहले मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के विभिन्न इलाकों से MTNL के केबल चोरी करते थे। इसके बाद इन केबलों को टेंपो में भरकर तुर्भे के सुनसान जंगलों में लाया जाता था, जहां उन्हें जलाकर भीतर मौजूद कॉपर निकाला जाता था। यह कॉपर बाद में अवैध रूप से बाजार में बेचा जाता था। ईस पूरे मामले का पर्दाफाश स्थानीय पत्रकार अतीश शिंदे द्वारा दी गई सटीक सूचना के बाद संभव हो पाया। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापा मारा। शुरुआती तलाशी में एक टेंपो पकड़ा गया, लेकिन जब पुलिस टीम जंगल के अंदर गहराई तक पहुंची, तो वहां तीन और टेंपो और कई आरोपी केबल जलाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों में इस गिरोह का मुख्य सरगना निजाम उर्फ नियाज खान भी शामिल है, जो पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। घटनास्थल पर पुलिस ने विस्तृत पंचनामा कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और इसके तार कई जिलों तक फैले हो सकते हैं।
पुलिस अब इस नेटवर्क के सप्लाई चैन, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। यह कार्रवाई न केवल संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और अवैध धंधों पर लगाम लगाने की दिशा में भी एक अहम कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.