अवैध गैस सिलेंडर भंडारण की सूचना, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
NMT News / महाराष्ट्र: ठाणे के कापुरबावडी क्षेत्र स्थित वंडर मॉल के समीप डोमिनोज़ के पास एक गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में गैस सिलेंडरों के बड़े पैमाने पर भंडारण की सूचना सामने आई है। यह सूचना सोशल एक्टिविस्ट डॉ. बिनु वर्गीस द्वारा संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्रदान की गई, जिसके बाद प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चितलसर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील वरुडे के निर्देश पर पुलिस टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक इनपुट के आधार पर यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि उक्त सिलेंडरों का उपयोग संभावित काला बाजारी के लिए किया जा सकता था, विशेषकर ऐसे समय में जब घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि देखी जा रही है। पुलिस द्वारा गोदाम का विस्तृत निरीक्षण कर दस्तावेजों एवं भंडारण की वैधता की जांच की जा रही है। साथ ही, इस पूरे मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस प्रकरण में आधिकारिक पुष्टि एवं विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा बनी हुई है।
