रबाले परिसर में मिले ‘नवे शहर’ के संपादक शैलेश जाधव, वाशी पुलिस के समक्ष हुई खातरजमा

परमेश्वर सिंह | खंडन एवं स्पष्टीकरण / नवी मुंबई: दैनिक ‘नवे शहर’ के संपादक शैलेश सुंदर जाधव रबाले रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षित मिल गए हैं। उनके लापता होने को लेकर वाशी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। शैलेश जाधव के मिलने के बाद उन्हें प्रत्यक्ष रूप से वाशी पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में उनके सुरक्षित मिलने की पुष्टि और आवश्यक जानकारी की खातरजमा कराई गई। बताया गया है कि शैलेश जाधव के सुरक्षित मिलने के बाद संबंधित मामले में दर्ज शिकायत/गुन्हे को रद्द करने तथा आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के संबंध में वाशी पुलिस स्टेशन में लिखित निवेदन भी सौंपा गया है। इस घटनाक्रम के बाद मामले को लेकर लगाए जा रहे विभिन्न कयासों पर भी विराम लगा है। अब पुलिस द्वारा शिकायत में दर्ज तथ्यों, शैलेश जाधव के बयान तथा उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल शैलेश जाधव के सुरक्षित मिलने की पुष्टि हो चुकी है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से आगे की जानकारी सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
NMT News अपने पाठकों से अपील करता है कि किसी भी संवेदनशील घटना से संबंधित अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले संबंधित पुलिस अथवा अधिकृत स्रोत से तथ्य की पुष्टि अवश्य करें।