परमेश्वर सिंह | मिर्जापुर : कछवा नगर के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक श्री भरत मिलाप मेले को भव्य, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी मिर्जापुर श्री पवन कुमार गंगवार (IAS) एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक (IPS) सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कछवा नगर का भ्रमण किया। इस दौरान मेले की तैयारियों और नगर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ आवश्यक विषयों पर चर्चा की गई। नगर भ्रमण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर श्री जटाशंकर मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कछवा श्री अमरजीत चौहान, नगर पंचायत कछवा के अधिशासी अधिकारी, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी तथा कछवा व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया, ऐतिहासिक मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखना आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर श्री अजय कुमार उपाध्याय एडवोकेट, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत कछवा, भाजपा मिर्जापुर एवं प्रदेश मंत्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, लखनऊ सहित व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। स्थानीय व्यापारियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों की भागीदारी से प्रशासन और नगर के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।श्री भरत मिलाप मेला कछवा की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। यह आयोजन नगर की वर्षों पुरानी परंपरा को जीवंत रखने के साथ-साथ आपसी भाईचारे, एकता और सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी देता है। ऐसे में मेले का शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन प्रशासन, पुलिस, नगर पंचायत, व्यापार मंडल, पूजा समितियों एवं स्थानीय नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। नगर भ्रमण के दौरान व्यापार मंडल के संरक्षक श्री लक्ष्मीकांत गुप्ता, अध्यक्ष श्री आनंद गुप्ता, श्री अजय कुमार उपाध्याय, श्री अजय सेठ, डॉ. अमरनाथ सिंह, श्री शौरभ गुप्ता, श्री अभिषेक उर्फ सल्लू, श्री अनित सिंह सहित संबंधित अधिकारी, पूजा समितियों के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर भ्रमण के माध्यम से मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करने और आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सभी के सहयोग से कछवा का ऐतिहासिक श्री भरत मिलाप मेला इस वर्ष भी श्रद्धा, उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
