पंजाब पुलिस की गुप्त जानकारी पर नवी मुंबई पुलिस ने पकड़ा 363 करोड़ 59 लाख का ड्रग्स
परमेश्वर सिंह,एडिटर / नवी मुंबई: पंजाब पुलिस की गुप्त जानकारी के बाद बुधवार को एक सघन अभियान में करीब 363 करोड़ का ड्रग नवी मुंबई पुलिस ने बरामद किया हैँ। हालांकि इस घटना को अंजाम देने वाले किसी भी आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। नवी मुंबई पुलिस उन आरोपियों की तलाश में जुटी है जो यह ड्रग्स लेकर आए थे। नवी मुंबई पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस के स्पेशल सेल के पुलिस उप निरीक्षक कोमल प्रीत सिंह ने नवी मुंबई पुलिस को जानकारी दी कि न्हावासीवा पोर्ट पर एक कंटेनर है जिसमे कोरोडों का ड्रग रखा हुआ है। जिसके बाद नवी मुंबई अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त सुरेश मेंगेड के नेतृत्व में और अपर पुलिस आयुक्त महेश घुर्रे के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया गया। जिसने न्हावा सीवा पोर्ट पर जाकर उस कंटेनर को खोजा जो कि 27 दिसंबर 2021 को न्हावा सीवा पोर्ट पर जो कंटेनर आया था वो नवकार लॉजिस्टिक का है। उस कंटेनर में मौजूद कुछ मार्बल्स कोई लेने को कोई तैयार नहीं था। इसलिए वह कंटेनर यार्ड में पड़ा था। इसी बात पर पुलिस को शक हुआ और उसने कंटेनर के अंदर मौजूद मार्बल्स को बाहर निकाला लेकिन कंटेनर में कुछ भी संदेह आत्मक चीज नहीं मिला।
ठोकने के आवाज से मिला ड्रग्स का सुराग
जब कंटेनर से मार्बल बाहर निकालने के बाद भी कुछ नहीं मिला तो पुलिस ने उस कंटेनर को कई जगहों से बजाकर देखना शुरू कर दिया। जब पुलिस ने उसे बजाया तो कुछ जगहों पर आवाज जोर तो कुछ जगहों पर धीमी आवाज आई। उसके बाद पुलिस ने कंटेनर के शटर के पाइप्स को काटा तो उसमे से ड्रग्स के पैकेट्स मिले। जिसके बाद पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर शटर के सभी पाइप्स को काटा जिसमे करीब 72 किलो 578 ग्राम हेरोइन ड्रग्स मिला जिसकी बाजार कीमत लगभग 362 करोड़ 59 लाख रुपए है। नवी मुंबई पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि यह ड्रग्स दुबई के रास्ते अफगानिस्तान से आने की जानकारी मिली है। बाकी आगे की जांच नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा कर रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ नशा विरोधक अधिनियम 1985 की धारा 8 (क), 22 (क), 23(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।