परमेश्वर सिंह | पनवेल : पनवेल पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित ‘माया बार’ को लेकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने कथित नियम उल्लंघन एवं लाइसेंस शर्तों के पालन को लेकर गंभीर प्रश्न उठाए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि माया बार में निर्धारित मानकों से परे गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, देर रात आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नियमों के अनुपालन को लेकर संदेह व्यक्त किया जा रहा है। कुछ शिकायतकर्ताओं ने यह भी दावा किया है कि कार्यक्रमों के दौरान आचार एवं संचालन संबंधी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिसकी स्वतंत्र जांच आवश्यक है। इस मामले ने इसलिए भी ध्यान आकर्षित किया है क्योंकि राज्य स्तर पर बार संचालन को लेकर समय-समय पर सख्त निगरानी और नियमों के अनुपालन पर जोर दिया जाता रहा है। ऐसे में नागरिकों का कहना है कि यदि किसी प्रकार का उल्लंघन हो रहा है, संबंधित एजेंसियों को निष्पक्ष जांच कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के समक्ष निम्न मांगें रखी हैं, संबंधित माया बार की तत्काल निरीक्षण कर लाइसेंस शर्तों, संचालन अनुमति एवं सीसीटीवी रिकॉर्ड नियमों के उल्लंघन की पुष्टि कर कार्यवाही की जाए नागरिकों का कहना है कि यह विषय केवल एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था, नियामक अनुपालन और सामाजिक उत्तरदायित्व से भी जुड़ा हुआ है। अब निगाहें पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक विभागों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। इस समाचार में उल्लिखित बिंदु स्थानीय स्तर पर लगाए गए आरोपों और शिकायतों पर आधारित हैं।