मतदाताओं के लिए बड़ी चेतावनी: 8 अगस्त के बाद नाम हटने का खतरा
नवी मुंबई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत नवी मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र के 150 ऐरोली एवं 151 बेलापुर विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 8 अगस्त 2026 तक संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) के पास गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। ठाणे के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल तथा नवी मुंबई महानगरपालिका आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे द्वारा अभियान की विस्तृत समीक्षा के बाद कार्य में तेजी लाई गई है। नागरिकों की सुविधा के लिए पिछले दो शनिवार और रविवार को 173 विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जहां मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए तथा उन्हें भरकर तत्काल जमा करने की सुविधा दी गई। इन शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाया। निर्वाचन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 150 ऐरोली विधानसभा क्षेत्र के 4,97,380 मतदाताओं में से 4,48,147 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 2,15,725 भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर उनका डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है। वहीं 151 बेलापुर विधानसभा क्षेत्र के 4,22,317 मतदाताओं में से 4,07,828 प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं तथा 2,10,759 प्रपत्र जमा होकर उनका डिजिटलीकरण भी पूर्ण हो चुका है।
निर्वाचन अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि 8 अगस्त के बाद जिन मतदाताओं का गणना प्रपत्र उपलब्ध नहीं होगा, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। इसके बाद ऐसे मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर पुनः मतदाता पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया अपनानी पड़ेगी, जिससे मतदान के अधिकार के उपयोग में अनावश्यक विलंब हो सकता है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी मतदाता या उसके माता-पिता का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं है, तब भी चिंता की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मतदाता गणना प्रपत्र के कॉलम-3 में अपनी वर्तमान जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित संबंधित बीएलओ के पास प्रपत्र अवश्य जमा करें। इस आधार पर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया की जाएगी। अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी तथा नवी मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त सुनील पवार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें। सभी पात्र मतदाता आज ही अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करें, गणना प्रपत्र भरें और 8 अगस्त 2026 से पहले उसे जमा कर अपने मताधिकार को सुरक्षित करें।
भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट उद्देश्य है कि “कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।” इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।