Website Media & News Channel

उत्सव की खुशी में कानून न तोड़े, कोपरखैरणे पुलिस का सख्त संदेश, DJ बजाया तो होगी कार्रवाई

0

गणेशोत्सव, दहीहंडी और नवरात्रोत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस की पैनी नजर, नियम तोड़ने वालों के DJ साउंड सिस्टम होंगे जब्त

परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई : आगामी गणेशोत्सव, दहीहंडी, गणेश मूर्ति आगमन, गणेश विसर्जन एवं सार्वजनिक नवरात्रोत्सव को लेकर कोपरखैरणे पुलिस ने कानून-व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त रुख अपनाया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक उत्सवों के दौरान नियमों का उल्लंघन कर DJ, डॉल्बी अथवा अत्यधिक आवाज वाले साउंड सिस्टम का उपयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोपरखैरणे पुलिस थाना द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाए जाएंगे। ऐसे अवसरों पर कुछ स्थानों पर अत्यधिक ध्वनि वाले DJ, बड़े स्पीकर एवं साउंड सिस्टम के उपयोग से ध्वनि प्रदूषण उत्पन्न होता है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों के जीवन पर पड़ता है। पुलिस ने कहा है कि तेज आवाज और अत्यधिक ध्वनि से विशेष रूप से विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों, छोटे बच्चों तथा आसपास रहने वाले नागरिकों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन कराने का निर्णय लिया है। पुलिस स्टेशन में मंडल पदाधिकारियों और DJ संचालकों को दी गई चेतावनी, कोपरखैरणे पुलिस द्वारा क्षेत्र के गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों, आयोजकों एवं DJ संचालकों को पुलिस स्टेशन स्तर पर बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी को स्पष्ट रूप से बताया गया है कि किसी भी परिस्थिति में कानून एवं ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि केवल DJ संचालक ही नहीं, बल्कि नियमों का उल्लंघन होने की स्थिति में आयोजक, मंडल के पदाधिकारी, DJ मालिक, चालक और अन्य संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी भी तय की जा सकती है। नियम तोड़ा तो जब्त होगा साउंड सिस्टम, दर्ज हो सकता है मामला – कोपरखैरणे पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन कर DJ बजाने अथवा प्रतिबंधित तरीके से ध्वनिवर्धक उपकरणों का उपयोग करने वालों के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर DJ एवं साउंड सिस्टम को जब्त किया जाएगा और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और उत्सव आयोजकों से अपील की है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों की गरिमा बनाए रखते हुए उन्हें शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाएं तथा कानून का पूर्ण पालन करें। पुलिस का संदेश – “उत्सव मनाएं, लेकिन ध्वनि प्रदूषण न करें” कोपरखैरणे पुलिस ने सभी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों, नवरात्रोत्सव मंडलों, आयोजकों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि उत्सवों का उद्देश्य आनंद और सामाजिक एकता है, किसी को परेशानी पहुंचाना नहीं। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमोल देशमुख के नेतृत्व में कोपरखैरणे पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन कानून और निर्धारित नियमों की सीमा के भीतर। “उत्सव की खुशी सबकी खुशी बने, किसी के लिए परेशानी नहीं उत्सव मनाएं, मगर ध्वनि प्रदूषण न करें।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.