परमेश्वर सिंह / नवी मुंबई: नवी मुंबई के वाशी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचाया है। यह कार्रवाई एक स्पा सेंटर के नाम पर चल रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ की गई। पुलिस के अनुसार, वाशी इलाके में नाबालिग लड़कियों के शोषण की सूचना मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बीनू बशे ने संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद डीसीपी (जोन-1) के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एपीएमसी थाना पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा। यह कार्रवाई वाशी के सेक्टर-स्थित एक होटल में की गई, जहां स्पा सेंटर के आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से एक महिला दलाल सहित दो अन्य महिलाओं को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग लड़की को पैसों के लालच में इस अवैध कार्य में धकेला गया था। पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान लगभग 25,000 रुपये के सौदे की जानकारी भी सामने आई है। रेस्क्यू की गई नाबालिग को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है तथा उसके काउंसलिंग और पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अनैतिक मानव व्यापार निवारण अधिनियम (PITA Act) के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, इस रैकेट के पीछे जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।