परमेश्वर सिंह / नवी मुंबई : भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) के अतिक्रमण विभाग के उपायुक्त कैलास गायकवाड को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 42,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपीत अधिकारी ने एक व्यक्ति से अतिक्रमण से संबंधित कार्य में राहत देने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद अधिकारियों ने योजना बनाकर जाल बिछाया। निर्धारित स्थान पर जैसे ही कैलास गायकवाड ने शिकायतकर्ता से 42,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई से महानगरपालिका के प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनसे किसी भी सरकारी कार्य के लिए रिश्वत मांगी जाए, तो तुरंत इसकी शिकायत करें।
