वाशी में स्कूल बसों पर विशेष अभियान, संयुक्त कार्रवाई में 27 बसों की जांच, 16 मामलों में 92,500 का जुर्माना
परमेश्वर सिंह | नवी मुंबई: स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वाशी यातायात शाखा और प्रादेशिक परिवहन विभाग (आरटीओ) वाशी द्वारा मंगलवार को संयुक्त विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान नवी मुंबई यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त डॉ. राहुल खाडे के निर्देश तथा वाशी यातायात शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील कदम के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अभियान के तहत वाशी स्थित ब्लू डायमंड चौक पर स्कूल बसों की व्यापक जांच की गई। इस दौरान यातायात पुलिस एवं आरटीओ अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों के दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, परमिट तथा अन्य वैधानिक आवश्यकताओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कुल 27 मिनी एवं बड़ी स्कूल बसों की जांच की। जांच के दौरान कई वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता तथा मोटर वाहन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए 16 मामले दर्ज किए गए और कुल ₹92,500 का जुर्माना वसूल किया गया। यातायात विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल परिवहन सेवाओं में निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। विभाग ने सभी स्कूल बस संचालकों, ठेकेदारों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, फिटनेस मानकों का पालन करें तथा यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करें, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित की जा सके।